लखनऊ के गौतमपल्ली स्थित गोल्फ चौराहे पर रविवार सुबह उन्नाव निवासी किसान जगदीश यादव ने परिवार के 10 लोगों के साथ आत्मदाह का प्रयास किया। समय रहते पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने परिवार को गौतमपल्ली थाने ले जाकर पूछताछ की।
एसीपी हजरतगंज विकास राय के मुताबिक, रविवार सुबह करीब दस बजे उन्नाव के आसीवन थाना इलाके के लोनारीखेड़ा गांव निवासी जगदीश यादव गोल्फ चौराहे पर पहुंचे थे। उनके साथ बड़े भाई कप्तान यादव, बेटी शैलेंद्री, रोशनी, सोनी, मोहिनी, एक किशोर और चार छोटे बच्चे थे। जगदीश ने जैसे ही पेट्रोल से भरा डिब्बा निकाला, वहां पहले से तैनात पुलिस कर्मियों की नजर उन पर पड़ गई। पुलिस ने तुरंत उनसे डिब्बा छीन लिया और थाने में इसकी जानकारी दी।
एसीपी के मुताबिक, पूछताछ में जगदीश ने बताया कि सूरज नाम के व्यक्ति से उनका जमीन का विवाद चल रहा था। इसी मामले में सूरज ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में विवाद खत्म होने पर भी दोनों पक्षों में रंजिश चलती रही। बीते 21 नवंबर को दोनों पक्षों में फिर से मारपीट हो गई। सूरज ने दोबारा जगदीश व परिवार पर मारपीट, बलवा और एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज करा दिया। जगदीश का आरोप है कि आसीवन थाना पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की। उनकी तरफ से कोई सुनवाई नहीं की गई। इसी बात से आहत होकर वह परिवार के साथ आत्मदाह करने पहुंचे थे।
परिवार को उन्नाव ले गई पुलिस
इंस्पेक्टर गौतमपल्ली रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्नाव पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस परिवार को अपने साथ उन्नाव ले गई है। यदि परिवार ने किसी के उकसावे में आकर आत्मदाह का प्रयास किया होगा तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।