लखनऊ। राजधानी अब शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ों से आ रही गलन भरी पछुआ हवाओं के असर से शुक्रवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री लुढ़क कर 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। ये इस बार के ठंड के सीजन में दर्ज हुआ सबसे कम अधिकतम तापमान है। शुक्रवार को सुबह की शुरुआत ही घने कोहरे से हुई। सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
शुक्रवार को ठंड ने राजधानी में कई रिकाॅर्ड बनाए। अधिकतम तापमान के पैमाने पर लखनऊ में यह साल 2025 का तीसरा सबसे कम तापमान वाला दिन साबित हुआ। इस वर्ष 5 व 7 जनवरी को अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सबसे कम था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री कम रहा। इससे दिन में ठंड और गलन के जोर का अंदाज लगाया जा सकता है।
अधिकतम तापमान में कमी के पीछे कोहरा एक बड़ी वजह रहा। सुबह घने कोहरे के कारण दोपहर एक बजे तक सूर्य के दर्शन तक नहीं हुए।दोपहर में धुंध छटने पर धूप तो निकली, लेकिन सर्द हवाओं के आगे ज्यादा गर्मी न दिखा सकी। नतीजा, अधिकतम तापमान को बढ़ने का माैका ही नहीं मिला।
शीतलहर का असर पूरे दिन महसूस किया गया। धूप में भी हाथ-पैर में गलन का अहसास बना रहा। सर्दी का सितम देख बुजुर्ग लोगों ने घर में रूम हीटर और अलाव के पास ही वक्क गुजारना मुनासिब समझा। शाम होते ही गलन फिर से बेकाबू महसूस हुई। कोहरे का असर भी देखने को मिला।
रविवा से ठंड-गलन से मिल सकती है राहत
माैसम विभाग के अनुसार, रविवार से इस भीषण ठंड-गलन और कोहरे से थोड़ी राहत मिल सकती है। आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। राजधानी में इसके असर से दिन के तापमान में बढ़त आएगी। कोहरे में भी कमी देखने को मिल सकती है। विक्षोभ के असर से चार से पांच दिन तक तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।
लखनऊ में वर्ष 2025 में दर्ज सबसे कम अधिकतम तापमान
05 जनवरी 2025 13.5 डिग्री सेल्सियस
07 जनवरी 2025 13.5 डिग्री सेल्सियस
19 दिसंबर 2025 15.5 डिग्री सेल्सियस
शुक्रवार को ठंड और कोहरे का कुछ ऐसा था नजारा।- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को ठंड और कोहरे का कुछ ऐसा था नजारा।- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को ठंड और कोहरे का कुछ ऐसा था नजारा।- फोटो : अमर उजाला