शासन ने अनियमितता के आरोप में लखनऊ के जिला आबकारी अधिकारी जनार्दन यादव को निलंबित कर दिया है। साथ ही न्यायालय को गुमराह करने के आरोप में दो इंस्पेक्टर को भी निलंबित कर दियसा गया है।
प्रमुख सचिव आबकारी संजय आर भूसरेड्डी ने बताया कि पिपरसंड रेलवे स्टेशन के पास देशी शराब की दुकान के बारे में शिकायत मिली थी जिसकी जांच की गई। जांच में पाया गया कि दुकान के लिए जो चौहद्दी दी गई थी, उस चौहद्दी में दुकान नहीं पाई गई। शासन ने इसे घोर अनियमितता की श्रेणी में पाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
इस मामले में कुछ इंस्पेक्टर की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिसकी जांच कराई जा रही है और एक दो दिनों में उक्त इंस्पेक्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
जिला आबकारी अधिकारी जनार्दन पर कपूरथला में भी इसी तरह के एक मामले में न्यायालय को गुमराह करने का आरोप है। इस मामले में भी उनके खिलाफ कार्रवाई तय है। प्रमुख सचिव ने बताया कि बृहस्पतिवार तक उक्त मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं आबकारी आयुक्त ने अदालत को गुमराह करने के आरोप में लखनऊ में तैनात दो आबकारी निरीक्षकों को भी निलंबित कर दिया है। इसमें नीतू सिंह और संतोष कुमार उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है।