ऊर्जा मंत्री ने मध्यांचल के एमडी अनिल ढींगरा तथा दक्षिणांचल के एमडी अमित किशोर समेत सभी अधिकारियों को अपनी कार्य संस्कृति में सुधार की कड़ी हिदायत दी। कहा, बीते चार वर्ष में इस साल भीषण गर्मी से बिजली की मांग काफी बढ़ी है।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में प्रबंधकीय कमी से बिजली व्यवस्था चरमराई है। इसे दुरुस्त करने के लिए बिजली कंपनियों के एमडी के साथ सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारियों को कार्य संस्कृति में सुधार करना होगा। उन्होंने इसमें जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने तथा उनके सुझावों पर अमल करने को भी कहा है। उन्होंने बिजली व्यवस्था पटरी पर रखने के लिए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए मोबाइल टीम बनाकर सतत निगरानी करें। उन्होंने शत प्रतिशत बिलिंग और बड़े बकायेदारों से वसूली के भी निर्देश दिए। वे मंगलवार को मध्यांचल व दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगमों की समीक्षा कर रहे थे।
विज्ञापन
उन्होंने मध्यांचल के एमडी अनिल ढींगरा तथा दक्षिणांचल के एमडी अमित किशोर समेत सभी अधिकारियों को अपनी कार्य संस्कृति में सुधार की कड़ी हिदायत दी। कहा, बीते चार वर्ष में इस साल भीषण गर्मी से बिजली की मांग काफी बढ़ी है। इसके बावजूद सरकार सभी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति का प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने पर जोर देते हुए कहा कि बड़े बकायेदारों से बकाया बिल वसूलने के लिए कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों खासकर राजधानी लखनऊ को बिजली के तारों के मकड़जाल से मुक्त किया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश देते हुए विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। उन्होंने निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए। अनावश्यक बिजली कटौती न हो।
विज्ञापन
बिजली चोरों व नकारा अधिकारियों के खिलाफ दर्ज कराएं प्राथमिकी
शर्मा ने दोनों वितरण निगमों के जिलों के अधीक्षण अभियंता को कम बिलिंग पर चेतावनी दी है और एक सप्ताह में बिलिंग में सुधार के निर्देश दिए। कहा, अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। बकायेदारों एवं बिजली चोरी करने वालों के साथ-साथ नकारा अधिकारियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।