राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार रात चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने जीआरपी टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। आरोपी पर पहले से सात एफआईआर दर्ज हैं। आरोपी हरदोई का रहने वाला है, जिसके पास से दो मोबाइल फोन व कैश बरामद हुआ है।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के चारबाग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी इन दिनों चेकिंग अभियान चला रही है। आउटर, रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार रात भी जीआरपी प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर सात पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को रोककर उससे पूछताछ की जा रही थी। इसी बीच उसने तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। बदमाश की पहचान हरदोई निवासी फिरोज के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस मिले हैं।
चोरों, बदमाशों का अड्डा बन रहा चारबाग
चारबाग रेलवे स्टेशन बदमाशों व चोरों का अड्डा बनता जा रहा है। अवैध तमंचे लेकर स्टेशन पर लोग प्रवेश कर रहे हैं। न कहीं उनकी जांच हो रही है, न ही सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। इतना ही नहीं मोबाइल चोरी की घटनाएं भी स्टेशन पर बढ़ रही हैं। ऐसे में सुरक्षाबलों की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
बृहस्पतिवार रात चारबाग स्टेशन पर जीआरपी की टीम चेकिंग कर रही थी। प्लेटफॉर्म नंबर सात पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति मिला। पूछताछ के दौरान उसने टीम पर फायरिंग कर दी। जीआरपी की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया।
-अमित कुमार सिंह, सीओ जीआरपी