लखनऊ में इकाना स्टेडियम में कांग्रेस द्वारा आयोजित लड़की हूं लड़ सकती हूं मैराथन में शामिल लड़कियां
- फोटो : अमर उजाला
‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के बैनर तले मंगलवार को इकाना स्टेडियम के पास आयोजित कांग्रेस की मैराथन में हजारों लड़कियों ने भाग लिया। इसमें पहले स्थान पर पूजा पटेल, दूसरे पर निशा यादव और तीसरे स्थान पर डिंपल रहीं। तीनों को पुरस्कार में स्कूटी दी गई। इसके अतिरिक्त बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली 15 प्रतिभागियों को स्मार्टफोन व फिटनेस बैंड भी दिए गए। कांग्रेस ने मैराथन में करीब 20 हजार लड़कियों के शामिल होने का दावा किया है।
इससे पूर्व पांच किमी की इस मैराथन का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने किया। गौरतलब है कि मैराथन पहले 26 दिसंबर को गोमती नगर में 1090 चौराहे पर प्रस्तावित थी, लेकिन पुलिस ने कोरोना संक्रमण व धारा 144 के मद्देनजर अनुमति नहीं दी थी। इसके विरोध में कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी, तब प्रशासन ने 28 दिसंबर को इकाना स्टेडियम के पास मैराथन की अनुमति दी। इसके तहत मंगलवार को इकाना स्टेडियम के गेट नंबर तीन से सवेरे सवा नौ बजे मैराथन शुरू हुई। यह एचसीएल चौराहा होते हुए पुन: गेट नंबर तीन पर लगभग 10 बजे समाप्त हो गई। पार्टी प्रवक्ता उमाशंकर पांडेय व शहर कांग्रेस के मीडिया समन्वयक पवन श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत ने मैराथन को सफल बनाया।
मैराथन के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर व तौकीर आलम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, महिला मध्य जोन कांग्रेस की अध्यक्ष ममता चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष उत्तरी अजय श्रीवास्तव अज्जू व पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान मौजूद रहे।
मुख्यधारा से जुड़ेंगी महिलाएं
मैराथन से जुड़े मृदुल शुक्ला का कहना है कि कई जिलों से हजारों की संख्या में लड़कियां शामिल हुईं। महिलाओं को राष्ट्र की मुख्यधारा में लाने व राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए पार्टी ने उन्हें 40 प्रतिशत सीटों पर चुनाव लड़ाने का वादा किया है। ऐसे आयोजन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता है।