एक्सईएन और पुलिस प्रवर्तन के संयुक्त छापे में पकड़ी बिजली चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कुर्सी रोड के सर्वाधिक बिजली चोरी बाहुल्य गांव पलका में अधिकतर घरों में डायरेक्ट एयरकंडीशन चल रहे हैं। हालांकि, सभी के घरों में वैध कनेक्शन भी हैं, मगर सर्विस केबल के समानांतर दूसरा केबल फंसाकर एसी चला रहे। शनिवार इस बिजली चोरी का खुलासा एक्सईएन एवं पुलिस प्रवर्तन के संयुक्त छापे में हुआ। ऐसे 12 लोगों पर बिजली चोरी का केस दर्ज कराया गया है।
बीकेटी के एक्सईएन पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके खंड का सर्वाधिक लाइन हानियों वाला फीडर पलका है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 4:30 बजे जैसे ही बिजली चोरी पकड़ने के लिए छापे पड़े, वैसे ही पूरे पलका गांव के लोगों की नींद टूट गई। हर कोई छत पर चढ़कर बिजली चोरी वाले केबल को उतारते दिखे। मगर, काफी घनी बस्ती होने के कारण वीडियोग्राफी नहीं हो सकी। जो लोग कैमरे में कैद हुए उसमें जलील, शमीम जहां, सुएब बेग, जगजीवन, महादेव, अफसरून, साफिया, कैसरजहां, व तौफीक आदि के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनके घरों में तीन से पांच किलोवाट का विद्युत लोड पाया गया।