मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल ही में कराए गए सीरो सर्वे के परिणाम बताते हैं कि तीसरी लहर के बाद लोगों में एंटीबॉडी की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है। टीकाकरण काफी उपयोगी सिद्ध हुआ है। उन्होंने निर्देश दिया कि हर व्यक्ति को कोविड टीकाकवर दिया जाए। मुख्यमंत्री बुधवार को लोकभवन में कोविड प्रबंधन के लिए गठित टीम 9 की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना से जंग के लिए उठाए गए कदम सार्थक साबित हुए हैं। बचाव और टीकाकरण अभियान से कोरोना संक्रमण की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसके बावजूद अभी भी इस संक्रमण के खिलाफ सतर्कता बरतनी आवश्यक है। यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी प्रदेशवासी कोविड टीकाकवर से वंचित न रहे। उत्तर प्रदेश में चार संस्थानों में जीनोम सिक्वेसिंग की जा रही है। इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर, वैक्सीनेशन का क्लस्टर मॉडल, निगरानी समिति आदि व्यवस्था की तारीफ हुई है। ऐसे में हर जिले में इंट्रीग्रेटेड कमांड सेंटर का संचालन जारी रखा जाए, जिससे जरूरत पड़ने पर लोगों से तत्काल संपर्क रखा जा सके।
34 नए केस मिले
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में एक लाख 30847 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 34 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस अवधि में 49 लोग कोविड से ठीक हुए हैं। प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 354 रह गई है।
अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के बीच देश के कई राज्यों में अस्पतालों में आग लगने की दुखद घटना घटी। लेकिन, यूपी में इस तरह की घटना नहीं हुई है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में फायर सेफ्टी की व्यवस्था की पुन: भौतिक समीक्षा की जाए। जहां कमी या गड़बड़ी हो वहां तत्काल व्यवस्था ठीक की जाए।