केजीएमयू के हड्डी रोग विभाग में डॉक्टर से अभद्रता के बाद कर्मचारियों ने तीमारदार की पिटाई कर दी। घटना के बाद तीमारदार के समर्थक पहुंच गए और हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
केजीएमयू के हड्डी रोग विभाग में बुधवार को गाड़ी निकालने को लेकर डॉक्टर व तीमारदार में भिंडंत हो गई। तीमारदार ने डॉक्टर से अभद्रता कर दी। इससे नाराज कर्मचारियों ने तीमारदार को पीट दिया। तीमारदार की पिटाई का बदला लेने के लिए बड़ी संख्या में गाड़ियों का काफिला लेकर तीमारदार के दोस्त पहुंच गए। काफी देर हंगामा और बवाल चला। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
विज्ञापन
लखनऊ निवासी उपकार हड्डी का ऑपरेशन कराने के बाद केजीएमयू ओपीडी में फालोअप के लिए पहुंचे। डॉ. कुमार शांतनु ने उपकार को देखा। समय-समय पर फालोअप में आने की सलाह दी। डॉक्टर को दिखाने के बाद तीमारदार मरीज को लेकर घर जाने के लिए गाड़ी निकाल रहे थे। इसी दौरान वरिष्ठ डॉक्टर को ट्रॉमा सेंटर में जाना था। उन्होंने जल्दी गाड़ी निकालने को कहा। इस पर तीमारदारों का गुस्सा भड़क उठा।
डॉक्टर को भला बुरा कहा। कर्मचारियों ने तीमारदारों को रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौच और मारपीट शुरू हो गया। कर्मचारियों ने दौड़ाकर तीमारदारों की पिटाई कर दी। इसी दौरान तीमारदारों ने अपने दोस्तों को फोन कर दिया। 10 मिनट में आधा दर्जन से अधिक कारों का काफिला हड्डी रोग विभाग में घटना स्थल पर पहुंच गया। हंगामा और बवाल बढ़ने लगा।
विज्ञापन
सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। परिवारीजनों का आरोप है कि महिला व मरीज को भी कर्मचारियों ने नहीं छोड़ा। डॉ. कुमार शांतनु ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। सीसीटीवी फुटेज भी देखा जाएगा। कर्मचारी दोषी मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।