गुलालखेड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय ओमप्रकाश के सिर व चेहरे पर ईंट से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह उनका खून से लथपथ शव गांव के पास शारदा नहर के पास मिला। मां ने बेटे के तीन दोस्तों व एक अंडा रोल विक्रेता पर शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में हत्या का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने नामजद कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी ले लिया है।
गीता के अनुसार, रात करीब आठ बजे ओमप्रकाश के साथ उसके तीनों दोस्त घर पर ही थे। उन्होंने बेटे से खाने के लिए कहा पर उसने मना कर दिया। इसके बाद सभी घर से चले गए। गीता के मुताबिक अंडा रोल विक्रेता अरविंद ने बताया कि रात को ओमप्रकाश ने तीनों दोस्तों के साथ मिलकर उनकी दुकान से अंडा रोल लेकर खाया था और जमकर शराब पी थी।
ओमप्रकाश के पिता राम हरख की एक साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में मां के अलावा दो छोटे भाई फूलचंद, धर्मराज और बहन कोमल है। कोमल की 10 फरवरी को शादी होनी है। घर में सबसे बड़े होने के नाते ओमप्रकाश पर बहन की शादी की पूरी जिम्मेदारी थी। उनकी हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।