लखनऊ के सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बदलीखेड़ा निवासी किरन यादव (30) की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कृष्णानगर थाने में शिकायत की बात कही है।
मृतका के पति जंगबहादुर के अनुसार वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ बदलीखेड़ा में रहते हैं। उनकी पत्नी किरन अमौसी एयरपोर्ट पर कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। बृहस्पतिवार को ड्यूटी के दौरान रात करीब आठ बजे एयरपोर्ट से फोन आया कि उनकी पत्नी के पेट में असहनीय दर्द होने के साथ ही हालत बिगड़ गई है। सूचना पर वह एयरपोर्ट पहुंचे और पत्नी को दवा दिलाने के बाद घर लेकर आए।
ये भी पढ़ें - प्रदेश में भीषण गर्मी की होगी वापसी, चार से छह डिग्री तक चढ़ेगा पारा; इन जिलों में लू चलने का अलर्ट
ये भी पढ़ें - तीन दिन की सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार से, एसटीएफ की निगरानी में स्ट्रांग रूम पहुंचे पेपर; ऐसे प्राप्त करें प्रवेश पत्र
देर रात किरन की हालत दोबारा बिगड़ने लगी। उन्हें कृष्णानगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पति ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद चिकित्सकों ने पत्नी को तीन इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद उनकी हालत और गंभीर हो गई। परिजनों का आरोप है कि काफी देर तक अस्पताल प्रशासन ने उनकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इससे नाराज परिजनों ने हंगामा किया।
शुक्रवार को वरिष्ठ चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने कुछ देर बाद किरन को मृत घोषित कर दिया। पति जंग बहादुर ने अस्पताल की लापरवाही से महिला की मौत होने का आरोप लगाते हुए कृष्णानगर थाने में तहरीर देने की बात कही है।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया घटना संज्ञान में आई थी लेकिन पीड़ित परिवार से कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है पुलिस से पत्र मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।