उमेश पाल हत्याकांड की जांच कर ही प्रयागराज पुलिस और शूटरों की तलाश में जुटी एसटीएफ सोमवार से नई रणनीति पर काम करेगी। दरअसल, साेमवार से अदालतों के खुलने पर उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी आत्मसमर्पण करने के लिए सारे हथकंडे अपनाएंगे तो पुलिस भी अपनी पूरी ताकत उनको अदालत पहुंचने से पहले गिरफ्तार करने में लगाएगी।
वहीं दूसरी ओर साबरमती जेल में बंद उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी माफिया अतीक अहमद को वापस यूपी लाने के लिए प्रयागराज पुलिस अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। अतीक की साबरमती जेल में गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और बी वारंट मिलते ही उसे तत्काल यूपी लाने के लिए प्रयागराज पुलिस और एसटीएफ की एक टीम अहमदाबाद भेजी गयी है।
अतीक के अलावा अशरफ को भी उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की कवायद सोमवार से की जानी है। पुलिस की नजरें उन लोगों पर भी हैं जो आरोपियों की सरेंडर करने में मदद कर सकते हैं। ऐसे लोगों की फेहरिस्त तैयार कर उनकी गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।