लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में चल रही पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के क्रम में प्रवेश विभाग ने मंगलवार को पार्टटाइम पीएचडी के 12 विषयों के लिए साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी हैं। इस क्रम में बुधवार को भौतिक विज्ञान विभाग के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। आवेदकों को दोपहर 12 बजे विभागाध्यक्ष कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा।
प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टटाइम पीएचडी में साक्षात्कार के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को रिसर्च प्लान राइटअप के साथ प्रतिभाग करना होगा। साक्षात्कार के तत्काल बाद उन्हें अपने प्रपत्रों का सत्यापन कराना होगा। इसलिए सभी जरूरी कागजों को भी अपने साथ लाएं। इसके बाद एडमिशन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रवेश समन्वयक कार्यालय की ओर से जिन 12 विषयों में साक्षात्कार के लिए तिथियां तय की गई हैं उनमें एआईएच, अरब कल्चर, अरबी, बॉटनी, केमिस्ट्री, अंग्रेजी, जियोलॉजी, लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन, फिलॉसफी, फिजिक्स, सोशल वर्क और स्टैटिस्टिक्स शामिल हैं। सभी के साक्षात्कार आठ से 17 जनवरी के बीच अलग-अलग तिथियों में होंगे। इसलिए अभ्यर्थी अपने तय शेड्यूल के हिसाब से संबंधित विभाग में उपस्थिति दर्ज करवाएं। किसी तरह की समस्या आने पर प्रवेश समन्वयक कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
नियमित पीएचडी में चार विषयों की तिथियां जारी
नियमित पीएचडी में भी चार विषयों में साक्षात्कार के लिए तिथि जारी की गई है। इसमें अरब कल्चर एवं अरबी के सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 16 जनवरी को सुबह 11 बजे से विभाग में होगा। वहीं इकनॉमिक्स के सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 13 जनवरी को सुबह 9.30 बजे से विभाग में होगा। जबकि मिडवल एंड मॉडर्न हिस्ट्री के सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार सीरियल नंबर के हिसाब से अलग- अलग तिथियों में 15 से 18 जनवरी के बीच सुबह 10:30 बजे से विभाग में होगा।