काकोरी। क्षेत्र के बेहटा गांव में शारदा सहायक नहर के पास मंगलवार देर रात एलपीजी से भरा कैप्सूल ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और कोई बड़ा नुकसान भी नहीं हुआ।
समदा चौकी पर तैनात एसआई नवनीत शुक्ला के अनुसार कैप्सूल ट्रक करीब 35 हजार लीटर गैस लेकर बिहार से अमौसी डिपो जा रहा था। मंगलवार रात करीब 12 बजे बेहटा मार्ग के पास मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक प्रतापगढ़ निवासी सुभाष यादव बच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे हाइड्रोलिक मशीन मंगवाकर कैप्सूल ट्रक को सुरक्षित तरीके से सीधा कराया गया। पुलिस की निगरानी में ट्रक को अमौसी डिपो रवाना किया गया।