अयोध्या। सोशल मीडिया से पीएनबी एप डाउनलोड करने के चक्कर में दंपती साइबर ठगी के शिकार हो गए। ठगों ने उनके बैंक खाते से 11.59 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
दर्ज एफआईआर में शहर के जनौरा, कृष्णानगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 20 जून को वह सोशल मीडिया से पीएनबी-1 एप डाउनलोड कर रहे थे। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल किया। इस बीच धोखे से उनके व उनकी पत्नी का आधार कार्ड संख्या, खाता संख्या, एटीएम कार्ड संख्या व एटीएम पिन आदि मांग लिया।
इसके बाद उनकी पत्नी के पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 20 और 21 जून को विभिन्न किस्तों में 9.98 लाख रुपये व उनके बैंक खाते से 1.61 लाख रुपये ठगाें ने निकाल लिए। उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
थाना प्रभारी मो. अरशद आलम ने बताया कि मामले में केस दर्ज करके जांच की जा रही है। सोशल मीडिया कंपनी से विवरण मांगा गया है। आमजन से अपील है कि किसी भी अनजान साइट पर बिना उसकी सत्यता का सत्यापन किए क्लिक न करें। न ही किसी तरह की जानकारी साझा करें। जागरूकता से ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है। किसी तरह के कार्य के लिए बैंक की अधिकृत साइट का ही उपयोग करें।