कलश शोभायात्रा में शामिल सैंकड़ों भक्त और उनपर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा....। जी, हां पहली बार राजधानीवासी ऐसे दृश्य के साक्षी बनेंगे।
यह आयोजन 11 दिवसीय श्री कृष्ण जन्मोत्सव की कड़ी होगा। इसमें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव भी शिरकत करेंगे। महोत्सव शुक्रवार से शुरू होगा और इसका आयोजन राधाकृष्ण ट्रस्ट-श्री राधा विद्यालय परिवार की ओर से चिनहट के लौलाई बांके बिहारी नगर में होगा।
महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव शिलान्यास से करेंगे। अपनी तरह के पहले ऐसे धार्मिक आयोजन की जानकारी गोमतीनगर के एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट की अनिता सिंह यादव और सत्यवीर यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार से शुरू होने वाले महोत्सव में हर दिन शाम को रासलीला आयोजन होगा, जिसमें वृंदावन मथुरा से आए सीताराम शर्मा के दल के 50 से अधिक कलाकार मंचन करेंगे।
पहले दिन के अतिथि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव रहेंगे। 27 अगस्त को सुबह 7 बजे बीकेटी के चंद्रिका देवी से 251 कलशों के साथ कलश यात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई कथास्थल पहुंचेगी।
शोभायात्रा पर हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी जी महाराज कई चक्रों में 12 क्विंटल फूलों की वर्षा करेंगे। उनके साथ कई वीवीआईपी भी मौजूद रहेंगे। कथास्थल पर पहुंचने के बाद श्रीमद्भागवत कथा की शुरुआत होगी।
श्रीकृष्णजन्माष्टमी के दिन 28 अगस्त को यहां सुबह लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव 10 हजार गायों को पालने की क्षमता वाली गौशाला का उद्घाटन करेंगे, शाम को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यहां निरंतर चलने वाले दुग्ध वितरण और अखंड भंडारे की शुरुआत करेंगे।
दो सितंबर को नगर विकास मंत्री आजम खां की मौजूदगी में भागवत कथा रासलीला का समापन होगा। विद्वानों का संत समागम भी होगा।