लखनऊ। गुडंबा इलाके में ज्वैलरी शॉप में लूट के मामले में फरार बदमाश शुक्रवार रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किया है। डीसीपी उत्तरी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक शुक्रवार देर रात को गुडंबा प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र साहू व उत्तरी जोन की क्राइम टीम भाखामऊ इलाके में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखा। बिना नंबर की बाइक होने के कारण उसे रोका गया तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद युवक ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो उसके पैर में गोली लग गई। एडीसीपी उत्तरी के मुताबिक घायल बदमाश औरैया के अजीतमल के अनंतराम सोनाली गांव का रहने वाला मोनू पंडित है। उसने उन्नाव के कांशीराम कॉलोनी में ठिकाना बनाया था।
एक साल पहले की थी ज्वैलरी शॉप में लूट
एडीसीपी उत्तरी के मुताबिक जानकीपुरम के सेक्टर-जी निवासी अनुराग अवस्थी की कुर्सी रोड पर एसबीआई एटीएम के सामने स्थित अंजनी ज्वैलर्स के नाम से दुकान पर 30 अप्रैल 2021 को लूट हुई थी। बाइक सवार चार बदमाश शाम करीब 6.45 बजे दुकान पहुंचे और तमंचा निकाल कर धमकाते हुए दुकान में रखे जेवरात से भरे दो बैग लेकर भाग गए। इस बीच पास बगल के श्याम किराना स्टोर के पीयूष अग्रवाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसको गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने अनुराग की तहरीर पर हत्या के प्रयास व लूट का मुकदमा दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक गुडंबा सतीश चंद्र साहू के मुताबिक मोनू पंडित पर उत्तरी जोन के डीसीपी ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। उसके खिलाफ गुडंबा में इस मुकदमे के अलावा लूट व हत्या के प्रयास के करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें उन्नाव, सीतापुर, औरैया जिले के मुकदमे भी शामिल हैं। पुलिस इन जिलों से मोनू का आपराधिक इतिहास मंगा रही है।