राहुल गांधी चुनावी रैली के दौरान आक्रामक अंदाज में दिखे
- फोटो : एएनआई
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली से पार्टी उम्मीदवार राहुल गांधी 10 मई के बाद उत्तर प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं। वह लखनऊ में सामाजिक न्याय सम्मेलन में हिस्सा लेकर जातीय जनगणना के मुद्दे को धार देंगे। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यह कार्यक्रम विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से होगा। इसके लिए संभावित तिथि 10 मई मानी जा रही है। हालांकि अभी पार्टी की ओर से अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। इसी तरह 10 से 20 मई के बीच कन्नौज, बाराबंकी और लखनऊ में सपा- कांग्रेस की संयुक्त जनसभा की भी तैयारी चल रही है। इस जनसभा में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे। इसकी भी संभावना है कि इंडिया गठबंधन से जुड़े अन्य कई नेता भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लें। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जनसभा को लेकर भी जगह देखी जा रही है।