प्रियंका गांधी वाड्रा व स्मृति ईरानी।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री व अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को करारा जवाब देते हुए कहा कि कॉल करके जहां से भी चाहे अपने रिश्तेदारों को बुला लो। फिर चाहे वह देश से हों, इटली से हों या दुनिया के किसी और कोने से। भारत की जनता इंसाफ करेगी और उन्होंने पहले ही प्रधान सेवक को चुन लिया है फिर से। लेकिन इस बार पूरे गांधी परिवार को एक कड़ा संदेश भी मिलना चाहिए।
इससे पहले स्मृति ईरानी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अमेठी में जूता बांटने पर दिए गए बयान पर करारा पलटवार किया है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि एक्टर मैं रह चुकी हूं इसलिए प्रियंका एक्टिंग न करें तो बेहतर है, जहां तक उन गरीब नागरिकों की बात है जिनके पैरों में जूते नही हैं तो मैं यही कहना चाहूंगी कि अगर उनमें (प्रियंका गांधी) जरा सी भी शर्म बाकी है तो वह खुद जाकर देख लें कि सच क्या है...?
दरअसल, प्रियंका गांधी ने अमेठी में बयान दिया कि यहां की जनता को पता है कि अमेठी किसके दिल में रहती है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी यहां आती हैं और लोगों को जूते बांटती हैं ये कहने के लिए कि अमेठी की जनता के पास पहनने के लिए जूते नहीं हैं। वह ये सोचती हैं कि ये राहुल गांधी का अपमान है लेकिन ये राहुल गांधी का नहीं बल्कि पूरे अमेठी की जनता क अपमान है।
उन्होंने कहा कि अमेठी व रायबरेली की जनता ने आज तक कभी किसी से भीख नहीं मांगी। प्रियंका गांधी वाड्रा दो दिनों के दौरे पर अमेठी में हैं। उनके अलावा सोनिया गांधी रायबरेली में तो राहुल गांधी भी अमेठी में प्रचार कर रहे हैं।