-बृजभूषण पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप। हालांकि लोग वोट उन्हें देने की बात कर रहे हैं ताकि मोदी सरकार बने। बृजभूषण को क्षेत्र में पकड़, चुनाव प्रबंधन और मोदी फैक्टर का सहारा है।
-गठबंधन के चंद्रदेव को पिछले लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा को मिले मतों के आधार पर जीत का भरोसा है। उन्हें एससी, मुस्लिम व यादवों तथा ओबीसी के मत मिलने की उम्मीद है।
-कांग्रेस ने जातिगत समीकरण के हिसाब से ही ब्राह्मण प्रत्याशी उतारा है। इसके अलावा पार्टी को मुस्लिम व पार्टी के परंपरागत मतों के भरोसे चुनावी नैया पार होने की उम्मीद है।
तुम्हारी फाइलों में गांव का मौसम गुलाबी है
कैसरगंज में चीनी मिलों को छोड़कर कोई बड़ा उद्योग नहीं है। हर साल घाघरा-सरयू की बाढ़ से तबाही होती है। जनकवि अदम गोंडवी का आटा गांव यहीं करनैलगंज में है। बदले पुरवा के रामकुमार दुबे ने बताया कि गांव ने चुनाव बहिष्कार का एलान किया तो अधिकारी दौड़े। इसके बाद मीटर लग गए हैं, तार जोड़ दिए, गांव जल्द रोशन होगा। गोंडवी ने ऐसे ही हालात पर लिखा था, ‘तुम्हारी फाइलों में गांव का मौसम गुलाबी है, मगर ये आंकड़े झूठे हैं, ये दावा किताबी है।
बाहरी-स्थानीय का मुद्दा भी उठा
सुसेला (चौसेला) गांव के रिटायर्ड शिक्षक महावीर सिंह कहते हैं कि ज्यादातर लोग मोदी के नाम पर भाजपा को वोट दे रहे हैं। राजेंद्र प्रसाद कहते हैं कि भाजपा का मुकाबला गठबंधन से हैं लेकिन नेताजी (बृजभूषण) का पलड़ा भारी है। बसपा व कांग्रेस के प्रत्याशी बाहरी हैं। एडवोकेट सूर्यकांत कहते हैं, देवीपाटन मंडल की सबसे बड़ी सब्जी व अनाज मंडी करनैलगंज है। अयोध्या के मंदिरों की यहां दुकानें हैं लेकिन आवागमन की सुविधा नहीं है। कहते हैं, मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को वोट देंगे। मोहसिन कहते हैं, कांग्रेस मजबूत चुनाव लड़ी तो गठबंधन की सीट निकल जाएगी। उन्होंने बताया कि यहां खुलकर कोई भी बृजभूषण के खिलाफ नहीं बोलता है। कैसरगंज में कई लोग ऐसे मिले जो सार्वजनिक तौर पर तो बृजभूषण की जीत बता रहे थे, लेकिन अकेले में कहा कि गठबंधन या कांग्रेस को वोट देंगे।
पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा
कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र में गोंडा जिले की तरबगंज, करनैलगंज और कटरा बाजार विधानसभा सीट तथा बहराइच की पयागपुर व कैसरगंज विधानसभा सीट आती हैं। सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इनमें कैसरगंज से भाजपा विधायक व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा अंबेडकर नगर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं।