सातवें और अंतिम चरण के लिए आज शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। इन तीनों सीटों पर मतदान 19 मई को सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। प्रचार के अंतिम समय में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने और खुद को लड़ाई में सबसे आगे दिखाने के लिए प्रत्याशी पूरे दम-खम से लगे हैं।
गुरुवार को कोई ताबड़तोड़ रैली-सभाओं में व्यस्त रहा तो कोई स्टार प्रचारकों के माध्यम से माहौल अपने पक्ष में मोड़ने की जद्दोजहद करता रहा। गुरुवार को पीएम मोदी ने घोसी, चंदौली और मीर्जापुर में चुनावी रैलियां कीं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने महराजगंज, सलेमपुर, बलिया, देवरिया में जनसभाओं को संबोधित किया।
इसके बाद गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी रवि किशन के लिए रोड शो कर ताकत दिखाई। सीएम योगी ने भी गाजीपुर और गोरखपुर की जनसभा को संबोधित किया। बसपा प्रमुख मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष अजित सिंह ने वाराणसी में संयुक्त जनसभा की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी महाराजगंज में जनसभा की।
जिन सीटों पर 19 मई को वोटिंग होगी, उनमें महराजगंज, गोरखपुर, बांसगांव, घोसी, कुशीनगर, देवरिया, सलेमपुर, वाराणसी, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, राबर्ट्सगंज और मीर्जापुर हैं।