पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की गाड़ी के आगे लेटकर कांग्रेसियों ने गुरुवार को उन्हें लखनऊ जाने से रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता जितिन के लखनऊ से चुनाव लड़ाए जाने की अटकलों से खफा हैं। सड़क पर लेटे कार्यकर्ताओं ने जितिन से दो टूक कहा कि लखनऊ जाने की जरूरत नहीं है।
वह धौरहरा से ही चुनाव लड़ें। जिद पर अड़े कार्यकर्ताओं को जितिन किसी तरह समझा-बुझाकर धौरहरा आने को लेकर हाईकमान से बात करने के लिए एक दिन की मोहलत लेकर लखनऊ रवाना हो गए।
जितिन को लखनऊ से प्रत्याशी बनाए जाने की सुगबुगाहट के बाद से धौरहरा में कांग्रेस के चुनाव प्रचार को ब्रेक लग गया है। वर्ष 2009 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई धौरहरा लोकसभा सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता जितिन प्रसाद चुनाव लड़े थे। जनता ने उन्हें संसद तक पहुंचाया। यूपीए सरकार में जितिन केन्द्रीय मंत्री बनाए गए थे।