2017 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का बीड़ा उठाने वाले दिनेशलाल यादव निरहुआ इस बार अखिलेश यादव के सामने ही अपनी चुनावी पारी का आगाज कर सकते हैं। दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ’ भोजपुरी गीतों के मशहूर गायक और एक्टर हैं। पूर्वांचल में इनके गाने काफी पसंद किए जाते हैं।
विज्ञापन
गाजीपुर में जन्मे दिनेशलाल ने 2017 में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूर्वांचल में काफी मेहनत की थी और स्टेज से उनके पक्ष में जमकर गीत गाए थे। उन्होंने बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर भाजपा ज्वाइन कर ली। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें आजमगढ़ से अखिलेश यादव के सामने उतार सकती है।
भोजपुरी सिनेमा में यह उनकी लोकप्रियता ही है जिसकी वजह से वे ‘बिग बॉस 6’ में नजर आए थे और उन्होंने अपने अंदाज से काफी लोकप्रियता भी हासिल की थी। 2003 में दिनेश लाल यादव का म्यूजिक एल्बम ‘निरहुआ सटल रहे’ आया इस एल्बम ने इतनी लोकप्रियता हासिल की कि दिनेश लाल यादव के नाम के साथ ‘निरहुआ’ जुड़ गया।
दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने कहा कि अखिलेश यादव व मायावती ने चुनाव से पहले ही आधा-आधा प्रदेश छोड़ दिया तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से क्या जीतें? अगर पार्टी ने मुझे चुनाव में मौका दिया तो अवश्य लडूंगा।