भाजपा ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद भी ट्विटर के जरिये चुनाव प्रचार करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व चुनाव प्रबंधन प्रभारी जेपीएस राठौर ने शनिवार को निर्वाचन आयोग में शिकायत कर मायावती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
राठौर ने बताया कि सातवें चरण का चुनाव प्रचार 17 मई को शाम 6 बजे समाप्त हो गया है जबकि मायावती ने 18 मई को सुबह में ट्विटर पर दो पोस्ट डालकर चुनाव प्रचार किया है। राठौर ने आरोप लगाया कि मायावती ने ट्वीट कर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की है। उन्होंने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।