उन्नाव जिले में फसलों व पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंचाने के बाद टिड्डी दल लखनऊ की ओर बढ़ रहा है। मोहनलालगंज व मलिहाबाद ब्लाक में टिड्डियों के प्रकोप के चलते प्रशासन सतर्क हो गया है। डीएम अभिषेक प्रकाश ने गांवों में निगरानी के निर्देश दिए हैं। टिड्डी दल दिखने पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी 9454116359 और जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर 7607000265 पर सूचना दर्ज करा सकते हैं।
डीएम ने दोनों ब्लाक सीमा से सटे गांवों में बैठक कर किसानों को जागरूक करने को कहा है। प्रधान और ग्राम सचिव के अलावा जिला कृषि रक्षा अधिकारी व जिला कृषि अधिकारी के नंबर जारी करने के साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर टिड्डी दल से जुड़ी सूचना अपडेट करते रहने को कहा गया है।
डीएम ने बताया कि टिड्डियों का प्रकोप महामारी का भी रूप ले सकता है। इसलिए टिड्डियों से फसलों की सुरक्षा के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों के साथ कृषि विभाग के तकनीकी स्टाफ को सक्रिय कर उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह गांव-गांव जागरूकता बैठक करें। दवा छिड़काव की भी जानकारी किसानों को दी जाए।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
- फोटो : amar ujala
डीएम के निर्देश पर मोहनलालगंज एसडीएम पल्लवी मिश्रा रविवार को उन्नाव जिले की सीमा पर पड़ने वाले गांव बिलैया खेड़ा, मीरानपुर, इमिलिया खेड़ा मीनापुर, बरवलिया समेत कई गांवों में जाकर लोगों से मिलीं व उन्हें टिड्डी दल के प्रति सचेत किया।
बचाव के लिए क्या करें
- टीन के डिब्बों, थालियों, ढोल नगाड़े और लाउडस्पीकर बजाएं। इससे टिड्डी दल आक्रमण नही कर पाएगा।
- बुलई मिट्टी प्रजनन का अनुकूल होती है। इसलिए ऐसी मिट्टी के क्षेत्र में जुताई कराकर पानी भरवा दें।
- टिड्डी दल के नियंत्रण के लिए मैलाथियान 96 प्रतिशत यूएलवी का छिड़काव अत्यंत प्रभावी होता है।
- ब्लॉक स्तर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैयार रहें। ताकि कीटनाशक रसायनों का छिड़काव करते हुए नुकसान से बचा जा सके।
- टिड्डी दल प्रति घंटा 2 किलोमीटर के हिसाब से मूवमेंट करता है और ऐसे स्थान जहां हरियाली है, वहां पहुंच रहा है। सभी खंड विकास अधिकारी सतर्क रहें और ऐसे गांवों की जानकारी दें, जहां दल पहुंचा हो