लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए शनिवार देर शाम राजधानी के सारे बार्डर सील कर दिए गए। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया कि कानपुर रोड, काकोरी में एक्सप्रेस-वे, सीतापुर रोड, रायबरेली रोड, अयोध्या रोड, देवा रोड समेत सभी बार्डर पर दो इंस्पेक्टर और आठ सब इंस्पेक्टर के अलावा 30 सिपाही और एक-एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।
इससे पहले सुबह से शाम तक बार्डर पर वाहनों की आवाजाही लगी रही। पुलिस आयुक्त ने बताया कि बार्डर पर पहुंचने वाले सभी श्रमिकों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम कराए जा रहे हैं।
इन्हें बार्डर से ही पारा स्थित शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय भेजा जा रहा है। यहां इन्हें भोजन देने के साथ सरकारी बसों से गृह जनपद तक पहुंचाने के प्रबंध किए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र से गृह जनपदों के लिए निकले हजारों श्रमिक चौबीसों घंटे ट्रक-टैंकर व अन्य निजी वाहनों से राजधानी पहुंच रहे हैं। इनकी चिकित्सा जांच और खाने-पीने व इन्हें आगे तक पहुंचाने के कोई इंतजाम नहीं है।