छह साल की मासूम पोती को खुश करने के लिए दादा ने जो फ्रूटी खरीदकर दी उसमें मरी हुई छिपकली निकली। फ्रूटी पीते ही बच्ची की तबीयत बिगड़ गई, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत में सुधार है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने फ्रूटी का पैकेट सीजकर सैंपल परीक्षण के लिए गोरखपुर प्रयोगशाला भेजा है। इसी के साथ दुकान में मिली संबंधित बैच की तीन पेटी फ्रूटी सीज कर पांच सैंपल परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के छोटीबाजार निवासी सत्यदेव गुप्ता घर के पास स्थित रामकुमार की दुकान से सोमवार रात अपनी पौत्री अंजलि के लिए फ्रूटी का पाउच लेकर आए थे। अंजलि फ्रूटी पी रही थी तभी उसने मिचली आने लगी। उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो घर वालों ने पाउच फाड़ा तो उसमें मरी छिपकली देख सकते में आ गए।
सत्यदेव की शिकायत पर रात में ही तहसील सदर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी वागीशमणि त्रिपाठी ने रामकुमार की दुकान पर छापा मारा।