डेढ़ साल बाद राजधानी आईं कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का जगह-जगह इस्तकबाल किया गया। एयरपोर्ट से हजरगंज तक कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर फूल बरसाए। प्रियंका ने भी कहीं गाड़ी में शीशा नीचे करके और कहीं सन रूफ से बाहर आकर कांग्रेसजनों का अभिवादन किया। इस दौरान ढोल नगाड़ों की थाप के बीच कार्यकर्ता कांग्रेस के पक्ष में ‘एक ही संकल्प, केवल कांग्रेस विकल्प’ गगनभेदी नारे लगाते रहे। महिलाएं भी स्वागत करने में पीछे नहीं दिखीं।
प्रियंका गांधी वाड्रा करीब 1:20 बजे दिल्ली से अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंची। वहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा लल्लू, विधान परिषद में कांग्रेस दल केनेता दीपक सिंह, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत तमाम नेताओं ने आगवानी की।
शहीद पथ मोड़, पीएसी, स्कूटर इंडिया, पुरानी मौरंग मंडी, आलमबाग नहरिया, आलमबाग तिराहा, आलमबाग बस अड्डा, आलमबाग थाना, मवैय्या, ब्लंट स्क्वायर, दुर्गापुरी, चारबाग बस अड्डा, केकेसी, विकास दीप, हुसैन गंज चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा, रॉयल होटल, बापू भवन, विधानसभा मुख्यद्वार व जीपीओ पर उन पर पुष्प वर्षा की गई। स्वागत करने वालों में कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह, पूर्व शहर अध्यक्ष मुकेश चौहान, रेहान अहमद खान और सुबोध श्रीवास्तव आदि प्रमुख रहे।
मौन धरने से पहले चेंज की ड्रेस
हजरतगंज में गांधी प्रतिमा पर मौन धरना देने से पहले प्रियंका गोखले मार्ग स्थित कौल हाउस पहुंची। वहां उन्होंने ड्रेस चेंज की। पहले वह सफेद रंग का लिबास पहनी थीं, फिर बैंगनी रंग का लिबास पहना।