इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि लंबे समये से यूपी कानून-व्यवस्था, मफियागिरी, भ्रष्टाचार, आतंक, तुष्टीकरण की समस्याओं के लिए जाना जाता था। लेकिन बीते चार सालों में यह प्रदेश अपनी नई पहचान बनाने में कामयाब हुआ है। इस प्रदेश में जहां निवेश हो रहा है, वहीं रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। बीमारू राज्य की पहचान को बदलकर प्रदेश को एक विकास शील प्रदेश का तमगा मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने देश के साथ ही यूपी को बदलने के कामयाब रहे हैं। यहां पर लोक जीवन एक चुनौती बना था, जिसका योगी सरकार ने समाधान किया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने तमाम समाज विरोधी हमलों को नाकाम किया है। प्रदेश में अब जबरदस्ती के धर्मान्तरणों पर कठोर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके पहले की सरकारों ने आतंकवादियों का महिमा मंडन किया था उन पर चल रहे मुकदमे भी वापस लेने की कार्यवाही चल रही थी। अलकायदा से जुड़े आतंकवादियों के विरूद्ध सरकार कठोरतम कदम उठा रही है। मजहब आधारित तुष्टिकरण करने वाले लोग हासिये पर हैं।
पंचायत चुनाव ने भाजपा के विकास मॉडल पर मुहर लगाया: स्वतंत्रदेव
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यसमिति में आये अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायत चुनावों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि जनता मोदी एवं योगी के विकास माडल पर अपनी मुहर लगा दी है। अपने अध्यक्षीय भाषण में स्वतंत्रदेव ने कहा कि पंचायत चुनाव को एक बड़ी चुनौती माना जा रहा था, लेकिन जनता ने जिस तरह से भाजपा के सरकार के कार्यों को आत्मसात करते बड़ी संख्या में विजय दिलाई है वह हमें और काम करने के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में पिरोते हुए अपनी कुशल संगठनात्मक नीतियों के माध्यम से भाजपा को गांव-गांव में और अधिक सशक्त बनाकर जनता की सेवा में लगाएंगे।
डिजिटल इंडिया का चर्चा करते हुए स्वतंत्रदेव ने कहा कि कोरोना काल के बावजूद भाजपा राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक डिजिटल हो चुकी है। इस वजह से कोरोना काल में भी हमने करोड़ों कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाकर काम किया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष बयानबाजी में व्यस्त था तब हम लोगों से संपर्क व संवाद कर जनता की समस्याओं के समाधान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र के साथ एक-एक व्यक्ति तक पहुंचकर उसके कष्ट को बांटने का जो काम कार्यकर्ताओ ने किया है।
2022 की परीक्षा में पास हो जाएगी भाजपा: केशव मौर्य
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014, 2017 और 2019 में हुए चुनावों में हम जनता की परीक्षा में पास हो चुके हैं। जिस तरह से मोदी व योगी की जोड़ी ने देश के साथ ही प्रदेश के विकास के नये आयाम किए हैं उसके बल पर हम 2022 भी में पास होंगे। उन्होंने कहा सरकार के काम और संगठन की मजबूती के बल पर हम विरोधियों का सूपड़ा साफ कर देगे। उन्होंने कहा कि विरोधी पार्टी के प्रदर्शन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगते हैं। अलकायदा के आतंकवादियों को पकड़ा जाता है, तो उस पर सवाल उठाया जाता है। उन्होंने कहा सपा, बसपा और कांग्रेस मिलकर भी चुनाव लड़ लें तो भी वह किसी कीमत पर हम से आगे नहीं जा पाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 में 60 हमारा है, 40 में बंटवारा है और 40 में भी हमारा है। उन्होंने कहा कि वातावरण भाजपा के पक्ष में है। विरोधी चाहे जितनी कोशिश कर लें किसी भी कीमत पर उन्हें सत्ता नहीं मिलेगी। मोदी व योगी जी नेतृत्व में हम 325 प्लस लक्ष्य हासिल करेंगे।
उपलब्धियां बेमिसाल, नेतृत्व बेजोड़: डॉ. दिनेश शर्मा
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रिकार्ड निवेश प्रदेश में आया है। परिवर्तित यूपी की संकल्पना साकार हुई है। उन्होंने कहा कि कुशल नेतृत्व के मार्गदर्शन व कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी की विजय यात्रा को नई दिशा मिली है। यह यात्रा 2014 से अनवरत रूप से जारी है। डा. शर्मा ने कहा कि हाल में विपक्ष का रवैया नकारात्मक व दुष्प्रचार का रहा है। कोरोना जैसे संकट काल में भी वह जनता की मदद करने के बजाए सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करने में ही लगा रहा है। सरकार की हर क्षेत्र में उपलब्धियां बेमिसाल रही है तथा नेतृत्व भी बेजोड है। सरकार व संगठन के बीच में बेहतर तालमेल से जो काम हुआ है उसके सफल परिणाम सामने आए हैं।