सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग रेंज तुलसीपुर अंतर्गत ग्राम हलौरा कुडोहा में पिंजरे में बांधी गई बकरी को तेंदुए ने हमला करके घायल कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। हलोरा निवासी रफीक लाला ने बताया कि रविवार की शाम छह बजे वन कर्मियों ने पिंजरे में बकरी बांध दी थी। सुबह जब वह बकरी को देखने गए तो वह पिंजरे में मृत पड़ी थी।
विज्ञापन
बकरी के पीछे का हिस्सा तेंदुआ पिंजरे के पीछे से खींचकर खा रहा था। पिंजरे का दरवाजा बंद था। जिसकी सूचना रेंजर को दी गई है। ग्राम प्रधान इंद्रजीत साहू ने बताया कि पिंजरे पर बकरी की सुरक्षा के लिए लोहे की रॉड लगी है जिसमें तेंदुआ ने पंजा मारकर बकरी पर हमला कर दिया।
बताया कि बीते सोमवार मादा तेंदुआ पकड़ी गई थी, उस समय भी बकरी गंभीर घायल हो गई थी। रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि जानकारी मिली है वन कर्मियों के साथ पिंजरे का निरीक्षण किया गया है। दूसरी बकरी को बंधवाया जाएगा।