लखनऊ। गोमतीनगर के विनम्र खंड में मंगलवार को मैनहोल की सफाई के दौरान ग्रीन गैस लिमिटेड की अंडरग्राउंड गैस लाइन में लीकेज हो गया। इससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।
बताया गया कि ग्रीन गैस लिमिटेड ने बिना जलकल विभाग को सूचित किए मैनहोल को क्षतिग्रस्त कर उसके अंदर से अपनी पाइपलाइन को बिछा रखा है। सफाई कार्य के दौरान यही क्षतिग्रस्त होकर लीक करने लगी।
शुएज इंडिया के सेफ्टी मैनेजर पंकज सिंह ने बताया कि हाइड्रॉलिक ग्रैबर मशीन से सफाई के दौरान गैस लीक होने से हादसे का खतरा पैदा हो गया। थोड़ी सी चिंगारी से विस्फोट हो सकता था, जिससे सफाई कर्मियों की जान जोखिम में पड़ती।
शुएज इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजेश मठपाल ने कहा, हम पहले भी कई बार संबंधित विभागों को पत्र से सूचित कर चुके है कि मैनहोल से बिजली, गैस की लाइन को हटाया जाए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। घटना के बाद ग्रीन गैस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत का काम शुरू किया।