लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण की आईटी सिटी योजना में निवेशकों को जमीन दी जाएगी। यह इन्वेस्ट यूपी के तहत किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को सुलतानपुर रोड पर बनने वाली आईटी सिटी के लिए बोर्ड लगाकर साइट ऑफिस का निर्माण शुरू कराया गया है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग व किसान पथ के बीच 1696 एकड़ में आईटी सिटी बनाई जानी है। इसके तहत मोहनलालगंज के बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकन्दरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, खुजौली और भटवारा गांवों की जमीन ली जाएगी।
योजना में 72 वर्गमीटर से 1250 वर्गमीटर क्षेत्रफल के लगभग 4,000 आवासीय भूखंड होंगे। सबसे ज्यादा 1800 भूखंड 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे। आईटी सिटी को इस तरह विकसित किया जाएगा, जिससे अधिकतम निजी निवेश आकर्षित हो सके। 350 एकड़ का औद्योगिक क्षेत्र व व्यावसायिक गतिविधि के लिए 60 एकड़ क्षेत्रफल रहेगा।
संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि योजना के लिए जमीन जुटाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके तहत चार गांवों के 23 भू-स्वामियों ने अपनी लगभग 265 बीघा भूमि लैंड पूलिंग के जरिए निशुल्क देने के आवेदन दिए हैं। मोहारी खुर्द गांव में जमीन का कब्जा लेने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को प्राधिकरण के अर्जन व अभियंत्रण अनुभाग की संयुक्त टीम ने मोहारी खर्द गांव में लगभग 46 बीघे भूमि का कब्जा लिया।
इस दौरान स्थल पर बोर्ड लगाकर साइट ऑफिस के निर्माण का काम भी शुरू करा दिया गया है। जल्द ही अन्य जगहों की एग्रीमेंट डीड साइन की जाएगी। आईटी सिटी योजना में आ रहे 11 गांवों में पूर्व से चल रही सभी अवैध प्लॉटिंग का सफाया कराया जा रहा है।