कैसरबाग बारादरी के सामने बटलर पार्क को एलडीए अब वीरांगना पार्क के रूप में विकसित कर रहा है। इसका नाम भी बदलने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला सशक्तीकरण को समर्पित इस पार्क में जहां महिलाओं और छोटे बच्चों के लिए सुविधाएं होंगी। वहीं, इसे तैयार करने में भी एलडीए पिंक कलर की थीम पर काम करा रहा है।
एलडीए वीसी अभिषेक प्रकाश की पहल पर प्राधिकरण का उद्यान विभाग यह काम मिशन शक्ति अभियान में करा रहा है। बारादरी के सामने उपेक्षित हो रहे बटलर पार्क को इसके लिए चुना गया था।
करीब 25 लाख रुपये एलडीए इस पार्क को तैयार करने में खर्च कर रहा है। इसमें झूले, स्लाइड के अलावा महिलाओं के घूमने, बैठने और मनोरंजन के लिए सेल्फी प्वॉइंट आदि भी बनाए जाने हैं।
प्रभारी उद्यान व अधिशासी अभियंता कमलजीत सिंह ने बताया कि कोरोना की वजह से काम कुछ लेट हुआ है। जून के पहले सप्ताह में हमारी कोशिश है कि यहां वीरांगना पार्क को पूरी तरह तैयार कर लिया जाए।
यह नजूल पार्क है। ऐसे में नाम बदलने के लिए शासन की अनुमति की जरूरत होगी। यह प्रक्रिया हम पूरी कर रहे हैं। जल्दी ही इसे भी पूरा कर लिया जाएगा।
यह बन रहे आकर्षण
- औषधि वाटिका
- महिलाओं व बच्चों के झूले
- बटरफ्लाई कॉर्नर
- किड्स जोन
- महिलाओं के छोटे आयोजन के लिए स्थल
मातृत्व केंद्र में बच्चों को पिला सकेंगी दूध
अधिशासी अभियंता ने बताया कि आमतौर पर पार्कों में आने वाली महिलाओं को अपने नवजात शिशु को दूध पिलाने में काफी दिक्कत आती है। इसे ध्यान में रखते हुए एक मातृत्व केंद्र भी यहां वीरांगना पार्क में बनाया गया है। इसका उपयोग महिलाएं कर सकेंगी। इसको पूर्व में बने हुए एक चबूतरे पर कमरा बनाकर तैयार करा दिया गया है।