लखनऊ। चिनहट के जुग्गौर में सोमवार को अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची एलडीए की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने मारपीट की, जिससे टीम को मौके से भागना पड़ा। टीम अवैध रूप बनाए गए रो-हाउसों को नहीं ध्वस्त कर पाई।
एलडीए के प्रवर्तन जोन एक के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि जुग्गौर में गौतम सिंह करीब 10 बीघे में अवैध तरीके से रो-हाउस बनाकर कॉलोनी विकसित कर रहा था। एलडीए के विहित न्यायालय की ओर से इसके ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया था। इसके अनुपालन में वह अवर अभियंता विपिन बिहारी राय और राहुल विश्वकर्मा की टीम के साथ दोपहर करीब तीन बजे मौके पर पहुंचे।
टीम ने जेसीबी से सड़क, नाली, प्लॉटों की नींव आदि को ध्वस्त करना शुरू किया। मौके पर बनाए गए तीन अवैध रो-हाउस को ध्वस्त करने की कार्रवाई जैसे ही शुरू की गई, कुछ अज्ञात लोग पहुंचे और अभियान को तुरंत रोकने के लिए दबाव बनाने लगे। इसके बाद टीम से धक्का-मुक्की शुरू कर दी गई। टीम को घेरकर मारपीट की गई। किसी तरह टीम बचकर भागी। अधिकारी ने बताया कि ध्वस्तीकरण की तारीख लगाकर दोबारा कार्रवाई की जाएगी। इस बार पुलिस को भी सूचना दी जाएगी।