लखनऊ। राजाजीपुरम ओल्ड उपकेंद्र में सोमवार को स्मार्ट मीटर कंपनी के इंचार्ज, ठेकेदार और उसके कर्मियों ने गुंडई की और बिल लिपिक को कार्यालय परिसर में बेरहमी से पीटा। कर्मचारी का कसूर यह था कि उसने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के स्मार्ट मीटर जबरन न लगाए जाने की खबर की कटिंग कार्यालय में चस्पा कर दी थी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी, पर एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। गुंडई करने वालों ने पीड़ित को समझौता करने पर बेबस कर दिया, जिसमें अफसरों की भी भूमिका रही।
जानकारी अनुसार सुबह 10:30 बजे बिल लिपिक नारायण सिंह ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री का स्मार्ट मीटर लगाने के संबंध में छपी खबर की कटिंग उपकेंद्र के मेन गेट और बिलिंग काउंटर पर चस्पा कर दी। इससे मीटर अनुभाग के कर्मचारी भड़क गए और कटिंग फाड़ दी। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद स्मार्ट मीटर कंपनी के इंचार्ज, ठेकेदार और बिलिंग स्टाफ के 20 लोगों ने लिपिक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। अधीक्षण अभियंता मुकेश त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया है। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि घटना के बाद पीड़ित तहरीर लेकर पहुंचा था, पर शाम को सुलह लिखकर दे गया।