एलडीए नए साल में 350 फ्लैटों का तोहफा देगा। अलीगंज के सेक्टर-सीएस, सीतापुर रोड की प्रियदर्शनी कॉलोनी और कानपुर रोड सेक्टर-एच में ये फ्लैट हैं। अलीगंज और प्रियदर्शनी योजना में फ्लैटों की योजना एक जनवरी को लॉन्च होगी। जबकि कानपुर रोड के स्टूडियो अपार्टमेंट को 26 जनवरी तक लॉन्च किए जाने की तैयारी है।
हालांकि इससे पहले फ्लैट की कुल कीमत का पांच फीसदी पंजीकरण राशि के रूप में जमा करना होगा। इसके बाद लॉटरी के जरिये आवंटियों का चयन किया जाएगा। 18 महीने की त्रैमासिक किस्तों में इन फ्लैटों का भुगतान होगा।
लंबे समय से अलीगंज के सेक्टर-सीएस में लोग 128 फ्लैटों की स्कीम लॉन्च होने का इंतजार कर रहे थे। ये फ्लैट करीब 500 वर्ग फीट के हैं। इनकी कीमत प्राधिकरण ने 22 लाख रुपये तय की है। जबकि प्रियदर्शनी कॉलोनी में 900 वर्ग फीट के फ्लैट हैं। इनकी कीमत 55 लाख रुपये है।