एलसीए ने चौक स्टेडियम ट्रेनीज को 42 रन से हराते हुए केजीएमयू ग्राउंड में खेली जा रही क्रिकेट सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एलसीए की टीम 30वें ओवर में 147 रन बनाकर आउट हो गई। अभिषेक रंजन ने 25 और शास्वत ने 22 रन का योगदान दिया।
आशीष सिंह और देवेश कुमार ने तीन-तीन विकेट झटके। जवाब में चौक स्टेडियम ट्रेनीज की टीम 30 ओवर में नौ विकेट खोकर 105 रन बना सकी। आशीष सिंह ने 22 और अभिषेक ने 17 रन बनाए। फरदीन ने तीन और रवि ने दो विकेट चटकाए।
ब्लू बर्ड ने जीता मुकाबला
ब्लू बर्ड ने बीआर दास क्लब को 3-1 से मात देते हुए जिला फुटबॉल लीग में पूरे अंक अर्जित किए। दूसरे मुकाबले में यूरो क्लब और न्यू ड्रैगन गोल रहित बराबरी पर रहे।
दिलकुशा ग्राउंड में खेले गए पहले मुकाबले में ब्लू बर्ड का सामना बीआर दास क्लब से हुआ। खेल के 23वें मिनट में प्रत्युष ने गोल करते हुए ब्लू बर्ड को 1-0 से बढ़त दिलाई।
34वें मिनट टीम को दूसरी सफलता मिली। यह गोल भी प्रत्युष के नाम रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर हुई। 45वें मिनट में नवीन ने गोल करते हुए ब्लू बर्ड को 3-0 से बढ़त दिलाई।
अंतिम मिनटों में धर्मा के गोल की मदद से बीआर दास ने अंतर को 1-3 से कम किया, जो अंत तक कायम रहा। दूसरे मैच में यूरो क्लब की भिड़ंत ड्रैगन क्लब से हुई।
मैच में दोनों टीमों ने गोल के लिए भरसक प्रयास किए, लेकिन किसी को भी सफलता नहीं मिली। लखनऊ विश्वविद्यालय ग्राउंड में खेली जा रही जिला फुटबाल लीग के अंतर्गत अवध क्लब और पोस्टल के बीच हुआ मुकाबला 1-1 से बराबर रहा।
रोमांचक मुकाबले का पहला गोल खेल के 20वें मिनट में फैजान ने अवध क्लब के लिए किया। मध्यांतर तक यह स्कोर बराबर रहा। दूसरे हाफ में पोस्टल के लिए रोहित ने गोल करते हुए मुकाबला 1-1 से बराबरी पर ला दिया, जो अंत तक कायम रहा।