लखनऊ। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की समय से पहचान अब आसान होगी। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में शनिवार को उन्नत लिक्विड बेस्ड साइटोलॉजी (एलबीसी) जांच सुविधा शुरू की गई। संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पारंपरिक पैप स्मीयर की तुलना में एलबीसी में सैंपल खराब होने की संभावना कम रहती है और कोशिकाओं की जांच अधिक स्पष्ट व सटीक होती है।
मुख्य अतिथि एसजीपीजीआई के पैथोलॉजी विभाग के प्रो. आरएन राव ने एलबीसी को सर्वाइकल कैंसर की जल्द पहचान में उपयोगी बताया। इस मौके पर कार्यशाला में डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों को सैंपल लेने, सुरक्षित रखने और जांच की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति मिश्रा ने बताया कि बेहतर सैंपल गुणवत्ता से कोशिकीय बदलाव आसानी से पहचाने जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर इसी सैंपल से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस की जांच भी की जा सकेगी।