उत्तर प्रदेश में अंतिम चरण के चुनाव के लिए सोमवार को प्रचार थम गया। इस चरण में सात जिलों की 40 सीटों के लिए मतदान 8 मार्च को होगा। इसमें गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र व जौनपुर जिले की विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
प्रचार बंद होने के साथ ही चुनाव आयोग ने इन निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं को छोड़कर अन्य सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व प्रचारकों को क्षेत्र छोड़ने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने निर्वाचन क्षेत्र की सीमा पर चेक पोस्ट स्थापित कर विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
इधर, चुनाव आयोग का निर्देश मिलते ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ निर्वाचन क्षेत्र में स्थित होटल, गेस्ट हाउस, कल्याण मंडप, सामुदायिक केंद्र, लॉज आदि में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बताया कि सातवें चरण का मतदान 8 मार्च को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इस चरण में 535 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
रॉबर्ट्सगंज, दुद्धी और चकिया में सुबह सात से चार बजे तक मतदान
सोनभद्र जिले की रॉबर्ट्सगंज, दुद्धी और चंदौली की चकिया विधानसभा में मतदान सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक होगा। यहां मतदान का समय एक घंटे कम होगा। चुनाव आयोग ने नक्सल प्रभावित इलाकों में थोड़ा जल्दी मतदान खत्म करने के निर्देश दिए हैं। इन इलाकों के मतदान केंद्रों में काफी संख्या में केंद्रीय बल तैनात है।
अंतिम दिन सभी पार्टियों ने झोंकी ताकत
प्रदेश में सातवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को लुभाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गड़वाघाट आश्रम और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पैतृक आवास गए। इसके बाद रोहनियां में चुनावी जनसभा की।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जौनपुर में कई सभाएं की, जबकि उनकी पत्नी व सांसद डिम्पल यादव ने भदोही की ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा की। कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद ने वाराणसी में कई स्थानों पर चुनावी मीटिंग की। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज विधानसभा में जनसभा की।
इनकी प्रतिष्ठा दांव पर
कैबिनेट मंत्री पारस नाथ यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश, राज्यमंत्री शैलेन्द्र यादव ललई, सुरेन्द्र पटेल, कैलाश चौरसिया, पूर्व सांसद राजेश मिश्र, अजय राय, बाहुबली विजय मिश्र, माफिया मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, बाहुबली सुशील सिंह व माफिया श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह, माफिया मुख्तार अंसारी के भाई सिगबतुल्ला अंसारी, पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय आदि।
फैक्ट फाइल
कुल मतदाता-1.41 करोड़
पुरुष मतदाता-0.76 करोड़
महिलाएं-0.65 करोड़
थर्ड जेंडर-707
पोलिंग सेंटर-8682
पोलिंग बूथ-14458