इकाना में खेले गए आईपीएल के आखिरी लीग मैच में चौकों और छक्कों की बरसात ने उमस भरे मौसम में भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। स्टेडियम के बाहर से लेकर भीतर तक विराट कोहली के लिए दीवानगी अपने चरम पर दिखी। एलएसजी की ओर से कप्तान ऋषभ पंत के ताबड़तोड़ शतक और आरसीबी की ओर से कप्तान कोहली के आतिशी अर्धशतक की वजह से यह मुकाबला सुपर‘हिट’ साबित हुआ।
भारत-पाक के बीच तनाव के चलते गत नौ मई को इकाना में होने वाला आरसीबी और एलएसजी के बीच मैच अंतिम क्षणों में स्थगित कर दिया गया था। वहीं, मैच 27 मई को इकाना में खेला गया। जिन दर्शकों ने 9 मई के टिकट लिए थे, उनके मोबाइल नंबर पर इसे अपडेट करने का मैसेज भेजा गया था। बहुत से दर्शक ऐसे थे जो मंगलवार को पुराना टिकट लेकर ही इकाना स्टेडियम पहुंच गए जिससे उन्हें एंट्री नहीं मिली। कुछ दर्शकों का कहना था कि उनके मोबाइल नंबर पर कोई मैसेज ही नहीं आया। चौक निवासी जैज, मोनिस, अली और बतूल के साथ भी ऐसा ही हुआ। उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ने हेल्प डेस्क पर मदद लेकर इसे अपडेट कराया तो कुछ बिना मैच देखे ही लौट गए।
स्टेडियम के बाहर हजारों प्रशंसक विराट की झलक पाने को दोपहर बाद से ही डटे हुए थे जिससे शहीद पथ पर जाम भी लग गया। कोहली के फैंस ने आरसीबी की जर्सी और झंडों के साथ माहौल बनाए रखा। कई प्रशंसकों ने कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद उनके समर्थन में बैनर और पोस्टर लहराए। इनमें लिखा था, विराट, तुम हमेशा हमारे किंग हो। मेहंदावल से बाकायदा आरसीबी आर्मी के नाम से समर्थक इकाना पहुंचे। इसमें शामिल दिनेश सिंह ने बताया कि विराट कोहली के लिए वह यहां आए हैं और चाहते हैं कि इस मैच को जीत कर उनकी टीम प्लेऑफ में नंबर एक या दो हो जाए ताकि उनका फाइनल में पहुंचना आसान हो।