उच्च प्राइमरी स्कूलों में गणित-विज्ञान शिक्षक पद पर
भर्ती के लिए बृहस्पतिवार को आखिरी काउंसलिंग पूरी हो गई। इसके बाद भर्ती
प्रक्रिया शुरू होगी।
गणित-विज्ञान के 29,334 शिक्षक पद पर होने वाली भर्ती के लिए पहले चरण की काउंसलिंग में मात्र 8500 ही आए थे। इसलिए दूसरे चरण की काउंसलिंग की गई।
विभागीय जानकारों की मानें तो दूसरे चरण के पहले दिन की काउंसलिंग में अभ्यर्थियों की उपस्थिति अधिक नहीं थी। दूसरे दिन की काउंसलिंग में ठीक-ठाक तादाद में अभ्यर्थी पहुंचे, पर ज्यादा उत्साह देखने को नहीं मिला।
आरक्षण का भी रखा गया पूरा ध्यान
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के अनुसार गणित व विज्ञान शिक्षक के 29,334 पदों के लिए पहले चरण की काउंसलिंग 7 व 8 जुलाई को की गई।
इसके बाद भी 20 हजार से अधिक पद अभी भी रिक्त हैं। इसलिए 23 व 24 जुलाई को दूसरे चरण की काउंसलिंग का शासनादेश जारी किया गया।
दूसरे चरण की काउंसलिंग के लिए मेरिट तैयार करते समय आरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया।
इसलिए हुई दूसरी काउंसलिंग
पहले चरण की काउंसलिंग में शामिल न होने वालों को भी उसकी श्रेणी में पद उपलब्ध होने पर दूसरी काउंसलिंग में मौका दिया गया ताकि अधिक अंक वाला कोई भी अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित न रह जाए।
पद न होने की दशा में ऐसे अभ्यर्थियों का कोई दावा स्वीकार नहीं होगा। दूसरे चरण की काउंसलिंग समयबद्ध तरीके से की हुई। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई करने की बात भी कही गई थी।