लखनऊ। सैनिक नगर निवासी रितेश सहानी ने छह लोगों पर कैंसर पीड़ित पिता की करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। डीसीपी दक्षिणी मुस्ताक के आदेश पर बिजनौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। रितेश ने बताया कि कैंसर के इलाज के दौरान पिता मानसिक रूप से बीमार हो गए थे।
इसका फायदा उठाकर पिता के दोस्त ओम प्रकाश शर्मा ने वकील वीरेंद्र नाथ के साथ मिलकर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची। ओम प्रकाश ने मां को संपत्ति अपने नाम कराने की बात कहकर बहकाया। 20 दिसंबर 2024 को आरोपी उन्हें और पिता को उपनिबंधक कार्यालय सरोजनीनगर ले गए। वहां उन्होंने पिता की करोड़ों की जमीन का जाली विक्रय पत्र बनवाया। इस पत्र में मां को जमीन का मालकिन दिखाया गया। फिर मां से हस्ताक्षर कराकर रजिस्ट्री अपने नाम करा ली। आरोप है कि फर्जीवाड़े में अनिल कुमार, शशांक कुमार, विकास और उपनिबंधक कार्यालय के कर्मचारियों ने आरोपियों का साथ दिया। रितेश ने बताया कि उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी नौ अप्रैल को हुई। उन्होंने खुद भी पूरे मामले की जांच की और तब डीसीपी दक्षिणी से शिकायत की। इंस्पेक्टर कपिल गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।