रायबरेली। जिले में प्रापर्टियों के मूल्य 25 प्रतिशत बढ़ा दिए गए हैं। डीएम के अनुमोदन के बाद नया सर्किल रेट इसी सप्ताह लागू कर दिया जाएगा। इससे बैनामा कराने वालों को बड़ा झटका लगेगा।
शहर व नगर पंचायतों से सटे करीब 50 गांवों को विकासशील क्षेत्रों में शामिल कर दिया गया है। विकासशील क्षेत्रों में बैनामा कराना अब ज्यादा महंगा होगा। 16 बिस्वा तक जमीनों का बैनामा अब तक कृषि की श्रेणी में हो जाता था, लेकिन अब इसका बैनामा आवासीय श्रेणी होगा। ऐसे में क्रेताओं को करीब दूना स्टांप शुल्क देना होगा।
जिले में जमीन के रेट सरकारी मूल्य की तुलना में बाजारी मूल्य दूने से भी अधिक हैं। ऐसे में सरकार को राजस्व कम मिल पा रहा था। इस अंतर को दूर करने के लिए शासन की मंशा पर इस बार 20 से 25 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया जा रहा है। प्रस्ताव से संबंधित सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। एडीएम के बाद डीएम के स्तर से अनुमोदन मिलते ही इसी सप्ताह नया सर्किल रेट लागू कर दिया जाएगा।
शहर के दाउदनगर, गढ़ी खास, किशुनपुर रामचंदर, भांव, चकनिजाम, उफरामऊ, धुन्नी सिंह नगर, डलमऊ के मधुकरपुर और महराजगंज के समसपुर हलोर में पुराना सर्किल रेट रखने की मांग की गई, लेकिन व्तावसायिक गतिविधियां अधिक होने के कारण आपत्तियों को खारिज कर दिया गया है। इन क्षेत्रों को विकासशील क्षेत्र में ही शामिल किया गया है। यहां बैनामा कराना अब काफी महंगा होगा।
नए सर्किल रेट ने बढ़ाई आय
वर्तमान समय में पुराने सर्किल रेट पर बैनामे हो रहे हैं। अधिक खर्च से बचने के लिए दिसंबर माह में लोगों ने खूब बैनामा कराए। दिसंबर माह में जिले में 19.85 करोड़ का लक्ष्य अर्जित करने का टॉरगेट दिया गया था। इस लक्ष्य के सापेक्ष दिसंबर माह में जिले में 20.19 करोड़ की आय अर्जित की गई। यह लक्ष्य के सापेक्ष 101.72 प्रतिशत है। जनवरी माह में भी बैनामों की संख्या काफी है।
नए सर्किल रेट को लेकर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 25 फीसदी तक जमीनों की कीमतों को बढ़ाया गया है। इसी सप्ताह नया सर्किल रेट लागू कर दिया जाएगा।
- बृजेश पाठक, उप निबंधक सदर