अमेठी सिटी। किशोरी को बहला-फुसला कर ले जाने वाले चार युवकों ने उसके साथ तीन दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर डरा-धमका कर दिल्ली जाने वाली ट्रेन में अकेले बिठा दिया। किसी तरह वहां से लौट कर किशोरी परिजनों संग थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ लिया है और एक की तलाश में जुटी है।
गौरीगंज थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 13 साल की किशोरी 26 दिसंबर को स्कूल के लिए घर से निकली लेकिन वापस नहीं लौटी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस किशोरी की तलाश कर रही थी, इसी बीच एक जनवरी को परिजन संग किशोरी थाने पहुंची।
किशोरी ने बताया कि उसकी सहेली का प्रेमी गौरीगंज के दोस्तपुर गांव निवासी साहिल उसे बहलाकर अमेठी ले गया। वहां साहिल अपने मित्र दोस्तपुर गांव निवासी नीलेश, खरावां गांव निवासी शेखर सिंह और बछिलाई मजरे सैंठा गांव निवासी सुरजीत सिंह के पास उसे छोड़कर चला। साहिल के जाने के बाद तीनों उसे गौरीगंज के एक मकान में ले गए और तीन दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद 28 दिसंबर को डरा-धमका कर अकेले दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया। वहां किशोरी किसी तरह अपनी बहन के यहां गई और उसकी मदद से घर लौटी।
किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेजते हुए पुलिस ने बयान दर्ज करवाए। जांच में आरोपियों की कॉल डिटेल संग जुटाने पर किशोरी का आरोप सही मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले में दर्ज केस में पाॅक्सो एक्ट व दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं को बढ़ाया गया। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि साहिल, सुरजीत व शेखर को गिरफ्तार किया गया है। नीलेश की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कोर्ट भेजा जाएगा।