लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र की युवती को ऊंचे रिटर्न का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए गए। शिकायत मिलने के बाद एसीपी गोसाईंगंज के निर्देश पर बुधवार को पीजीआई थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वृंदावन इलाके के एल्डिको सौभाग्यम अपार्टमेंट में रहने वाली समीना मिर्जा के अनुसार, वर्ष 2017 में हैदराबाद स्थित हीरा ग्रुप कॉर्पोरेट हाउस में निवेश पर आकर्षक लाभ का आश्वासन दिया गया। इस पर उन्होंने आठ लाख रुपये एफडी के रूप में और तीन लाख रुपये दूसरी योजना में जमा कर दिए। शुरुआत में कंपनी हर माह तय रकम 9250 रुपये उनके खाते में भेजती रही। करीब एक साल बाद भुगतान अचानक रुक गया। इस पर उन्होंने कंपनी से संपर्क कर अपनी जमापूंजी लौटाने को कहा, मगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में पता चला कि फर्म और उसकी संचालिका नौहेरा शेख के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हो चुके हैं। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।