लखनऊ। राजकीय, अनुदानित और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में संचालित डिप्लोमा इंजीनियरिंग की सेशनल परीक्षा (सैत्रिक परीक्षा) फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू होगी। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव संतोष कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके अनुसार, शैक्षणिक सत्र के दौरान ली जाने वाली आंतरिक मूल्यांकन की परीक्षा मई से पहले समाप्त होगी। इनमें पहली सैत्रिक परीक्षा फरवरी के प्रथम सप्ताह में, द्वितीय सैत्रिक परीक्षा मार्च के प्रथम सप्ताह में और तृतीय सैत्रिक परीक्षा अप्रैल के प्रथम सप्ताह में आयोजित होंगी। ये सभी परीक्षाएं संस्थान स्तर पर होंगी। परीक्षा से संबंधित सभी अभिलेख की हार्डकॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी संस्थान को रखनी होगी और जरूरत पड़ने पर परिषद को उपलब्ध करना जरूरी होगा।