‘मेरा बेटा वापस नहीं ला सकते तो मुझे मौत दे दो....।’ यह गुहार है उस मां की जिसका बेटा पिछले ढाई महीने से लापता है। अगवा बेटे की बरामदगी के लिए वह डीजीपी तक से गुहार लगा चुकी है। अब दुखियारी मां ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर 26 जनवरी को परिवार सहित इच्छा मृत्यु मांगी है।
लखनऊ में निगोहां के गांव शेखपुर लवल की रहने वाली रामप्यारी का आरोप है कि दबंगों ने उसके 14 वर्षीय बेटे सौरभ को जबरन अपने ढाबे पर रखा, मारपीट कर बंधक बनाकर पांच माह तक अपने होटल में काम कराया। जानकारी होने पर बेटे सौरभ को दबंगों के चंगुल से छुड़ाकर 15 अक्तूबर 2018 को घर ले आई।
अगले दिन दबंगों ने घर आकर सौरभ को जबरन कार में बैठाया और अगवा कर ले गए। रामप्यारी ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके चलता कर दिया। इसके बाद रामप्यारी ने मुख्यमंत्री, डीजीपी व अन्य अधिकारियों से गुहार लगाई।