लखनऊ। गोमतीनगर में शुक्रवार रात अस्पताल के लैब टेक्नीशियन फन मॉल के पास मरणासन्न मिले। ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाई ने लैब टेक्नीशियन के सहयोगी पर हत्या का आरोप लगाते हुए गोमतीनगर थाने में तहरीर दी।
गुडंबा स्थित बसहा गांव निवासी रूपेश प्रजापति (37) जियामऊ स्थित कैंसर हॉस्पिटल में लैब टेक्नीशियन थे। उनके भाई प्रवेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात 9:30 बजे ड्यूटी के बाद रूपेश बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में राहगीरों को भाई मॉल के पास मरणासन्न पड़े मिले। वह गंभीर रूप से घायल थे। घटना की सूचना पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने भाई को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोमतीनगर पुलिस ने भाई के पास मिले मोबाइल से घरवालों को घटना की जानकारी दी। प्रवेश ने बताया कि भाई के परिवार में उनकी पत्नी रूबी, बेटा प्रिंस और बेटी लावन्या है।
सहकर्मी ने दी थी हत्या की धमकी
प्रवेश ने कहा कि बृहस्पतिवार को हॉस्पिटल के ही एक कर्मचारी से भाई का झगड़ा हो गया था। कर्मचारी ने हत्या करने की धमकी दी थी। आरोप है कि उसी कर्मचारी ने भाई का एक्सीडेंट कराकर उनकी हत्या कर दी। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी कर्मचारी से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जाएंगे। जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।