कटरा (श्रावस्ती)। भगवान संभवनाथ की जन्मस्थली श्रावस्ती के दिगंबर जैन मंदिर में रविवार से अंतरराष्ट्रीय क्षमा पर्व का आयोजन किया जा रहा था। इसके अंतिम दिन सोमवार को पूजन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दिगंबर जैन मंदिर श्रावस्ती में सोमवार जैन परिवार के लोगों व बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसमें इटियाथोक गोंडा से आए जैन परिवार के बच्चों ने बच्चा बच्चा बोलेगा, जय जय महावीर गीत प्रस्तुत किया। बहराइच के जैन परिवार के बाल कलाकारों ने हम कथा सुनाते हैं महावीर भगवान की नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक देख कर सभी मंत्रमुग्ध हो गए।
इस दौरान महेंद्र जैन ने कहा कि क्षमा पर्व क्षमा याचना के लिए आयोजित किया जाता है। इसमें सभी जैन परिवार अपनी गलतियों को भगवान से क्षमा याचना करते हैं। साथ ही सही जीवन जीने के लिए भगवान से क्षमा मांगते हैं। इस मौके पर डाॅ. डिंपल जैन, स्वरूप जैन, स्वाति जैन, राजीव जैन, सुरेंद्र कुमार जैन, संजीव कुमार जैन, सुनील कुमार जैन सहित अन्य जैन परिवार के लोग मौजूद रहे।