डाउन सिंड्रोम जन्मजात गंभीर बीमारी है। सामान्यतया गर्भावस्था में भ्रूण को 46 क्रोमोजोम मिलते हैं, जिनमें से 23 माता व 23 पिता के होते हैं। जब यह 46 के बजाय 47 हो जाता है तो बच्चा ट्राइसोमी 21 या डाउन सिंड्रोम का शिकार होता है। पीड़ित का शारीरिक व मानसिक विकास सामान्य बच्चों की तरह से नहीं होता है।
पीड़ित बच्चे की मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और वह सामान्य बच्चों से अलग व्यवहार करता है। बौद्धिक विकास धीमा होता है। इसके अलावा कान छोटा होना, चेहरा सपाट, आंखों का तिरछापन, जीभ बड़ी होना के अलावा रीढ़ की हड्डी भी विकृत सकती है।
राजधानी निवासी गर्भवती पीजीआई के मेटरनल एंड रिप्रोडक्टिव हेल्थ डिपार्टमेंट में मां और डाउन सिंड्रोम पीड़ित भाई के साथ पहुंची। वह स्वस्थ थी, फिर भी उसे डर था कि कहीं उसका बच्चा भी उसके दोनों भाइयों की तरह तो नहीं होगा। हालांकि समय रहते जांच कराने से उसे इस डर से मुक्ति मिल गई।
डॉ. मंदाकिनी प्रधान बताती हैं कि पैदा होने वाला बच्चा मंदबुद्धि तो नहीं है, इसका पता लगाना आसान है। गर्भवती की स्क्रीनिंग जरूरी है। इसमें दो तरह की जांच होती है। एक है एनआईपीटी, जिसमें महज 8000 रुपये का खर्च आता है और दो सप्ताह में रिपोर्ट आ जाती है।
इसमें 12 हफ्ते का गर्भ होने पर मां के खून का नमूना लेकर जांच होती है। इस जांच की संवेदनशीलता 99 फीसदी है। दूसरा टेस्ट अल्ट्रासाउंड व खून जांच के आधार पर होता है और हाई व लो रिस्क पता करते हैं। इसकी रिपोर्ट आने में चार हफ्ते लगते हैं और परिणाम 80-85 प्रतिशत तक सही आते हैं। हाई रिस्क आने पर पक्की जांच कराएं और यदि डाउन सिंड्रोम निकलता है तो गर्भपात कराना चाहिए।